हरदोई। जिले के छह ब्लाकों में रिक्त छह प्रधान व दो क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पदों पर 30 सितंबर को 13 मतदान केंद्रों के 23 बूथों पर मतदान किया जाएगा। रिक्त पदों पर दावा करने वाले 24 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 14044 मतदाता करेंगे।
बेहंदर ब्लाक में अकबरपुर ताल्हू में प्रधान का पद रिक्त है। इसी तरह संडीला में उमरताली, मल्लावां में कोकटमऊ, माधौगंज में सेउढ़ई, सुरसा में भदैचा, सांडी में दस्यौली ग्राम पंचायत में प्रधान का पद रिक्त है। इसके अलावा बेहंदर में ग्राम रसूलपुर आंट द्वितीय में क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं मल्लावां के तेजीपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद रिक्त है। पोलिंग पार्टियों को 29 सितंबर को ब्लाकों से रवाना कर दिया गया है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रेम नारायन मिश्रा ने बताया कि बूथों पर बैरीकेडिंग कर महिला व पुरुष के लिए दो गैलरी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। सुबह सात बजे से वोट पड़ेंगे। उपचुनाव में 24 दावेदार हैं। जिनका फैसला समस्त बूथों के कुल 14044 मतदाता करेंगे।
जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ रहेंगेे कै मरे व फोर्स
छह ब्लाकों को चार जोन व चार सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक जोनल व प्रत्येक सेक्टर के साथ एक एक कैमरा व फोर्स रहेगी। जोनल मजिस्ट्रेट के साथ क्षेत्र के सीओ भी रहेंगे। मतदान केंद्रों पर वीडियो कैमरे की भी नजर रहेगी।
विकास खंडों पर तैयार किए गए स्ट्रांग रूम
विकास खंड स्तर पर ही स्ट्रांग रूम तैयार किए गए हैं। पोलिंग पार्टियां मतपेटियों को विकास खंड स्तर पर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की सुपुर्दगी में जमा करवाएंगे।
91 ग्राम पंचायत सदस्य हो चुके निर्विरोध
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायत के रिक्त चल रहे प्रधान, सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं सदस्य ग्राम पंचायत के रिक्त 99 पदों के सापेक्ष 91 ग्राम पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
ब्लाकों से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां
हरदोई। पंचायत उप चुनाव के लिए गुरुवार को पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। अव्यवस्थाओं के चलते देर शाम तक पोलिंग पार्टियां अपने गंतव्य तक पहुंचती नजर आईं। उपचुनाव में बेहंदर, मल्लावां, माधौगंज, संडीला, सुरसा, सांडी के 13 मतदान केंद्रों के 23 मतदेय स्थलों पर 30 सितंबर को मतदान कराया जाना है। जिला स्तर से पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए कुल आठ वाहनों को लगाया गया था। बेहंदर में दो वाहनों की व्यवस्था की गई थी लेकिन दोपहर तक एक वाहन के न पहुंचने पर जिला स्तर पर निर्वाचन कार्यालय का फोन घनघनाता रहा।
इंसेट
पोलिंग पार्टियां रवाना
मल्लावां। ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गईं। विकासखंड की ग्राम पंचायत कोकटमऊ में प्रधान पद के उपचुनाव में गोबिंद कुमार, किरन देवी, राघवेंद्र, प्रकाश जबकि तेजीपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए दीपिका, लालबहादुर, मनीष कुमार मैदान में हैं।