हरदोई। बुधवार का दिन लेखपाल पद पर चयनित युवाओं के लिए खुशी लेकर आया। चयनित युवाओं को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी ने नियुक्ति पत्र वितरण का शुभारंभ किया। इसके बाद नव चयनित लेखपालों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद सभागार में हुआ। उप्र अधीनस्थ बोर्ड से चयनित 147 युवाओं को लेखपाल पद पर नियुक्ति का पत्र मिला। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, डीएम एमपी सिंह, सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने नियुक्ति पत्र सौंपे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सभी युवा तहसील में पूरे मनोयोग से सेवाकार्य करें।
विधायक ने कहा कि जनता को न्याय दिलाने में लेखपाल अपनी भूमिका निभाएं। डीएम ने कहा कि पहली बार सेवा में आने की खुशी अलग ही होती है, इसलिए सभी लेखपाल आमजन की तकलीफों को दूर करने में ईमानदारी से भूमिका निभाएं। कार्यभार तत्काल ग्रहण कर लें और कार्य-व्यवहार में शालीनता रखें। सीडीओ ने कहा कि लेखपाल भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। व्यवहार ऐसा बनाएं ताकि, कोई सत्यनिष्ठा पर संदेह न कर सके। एडीएम प्रियंका सिंह, डिप्टी कलक्टर धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, संजय अग्रहरि सहित अधिकारी मौजूद रहे।