हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र में एक ढाबे से 50 लाख रुपये के मॉल से भरी डीसीएम गायब होने का पुलिस ने खुलासा करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि चालक ने मॉल से भरी डीसीएम खुद गायब कर लूट की झूठी कहानी रची थी।
घटना का खुलासा करते हुए एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि दो फरवरी को एक व्यक्ति बघौली चौकी पर आया था। उसने किसी पर जहरीला पदार्थ खिलाकर डीसीएम लूटने की बात कही थी।
पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। घटना के खुलासे को सीओ बघौली विकास जायसवाल के नेतृत्व में दो टीमें बनाई गईं थीं। टीमों ने उक्त व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम छोटेलाल निवासी रहिमल थाना मानपुर जनपद सीतापुर बताया।
उसने खुद को एक आईसीसी कंपनी की डीसीएम का चालक बताया। बताया कि एक फरवरी को माल लोड कर बरेली जा रहा था। बघौली थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास डीसीएम पंक्चर हो गई थी।
पंक्चर बनवाने के बाद ढाबा पर खाना खाकर डीसीएम में बैठ गया था। इसके बाद उसे कोई जानकारी नहीं है। टीमों ने आरोपी से पूछताछ व ढाबे पर लगी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से मिले सबूतों से डीसीएम लूट की घटना झूठी निकली।
कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने डीसीएम खुद गायब करने की बात कबूली। जिस पर आरोपी की निशानदेही पर माधौगंज के कंजड़पुरवा के पास से 50 लाख के माल से भरी डीसीएम बरामद कर ली। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।