हरदोई। हर घर में शुद्ध जल पहुंचाने की कवायद को जल निगम ग्रामीण के जिम्मेदारों ने आग में जलाकर खाक कर डाला। जेल रोड स्थित जल निगम ग्रामीण के स्टोर में पानी की गुणवत्ता जांचने वाली किट (इंडीकेटिंग जैकेट) और बड़ी संख्या में अभिलेख जला दिए गए।
बुधवार सुबह स्टेडियम से वापस जा रहे डीएम अनुनय झा ने स्टोर से धुआं निकलते देख तो वह मौके पर पहुंच गए। पूरे मामले में डीएम ने जल निगम के प्रभारी अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और दो चौकीदाराें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। इन सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति भी शासन से की है।
हर घर नल से जल योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने की कवायद चल रही है। इसके अलावा पहले से स्थापित हैंडपंपों की पानी की गुणवत्ता भी समय-समय पर जांची जाती है। शासन स्तर से जिले में पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए आई दक्ष नाम की संस्था को काम सौंपा गया। इस संस्था ने खुद का स्टोर नहीं बनाया और जल निगम के स्टोर में अपना भी भंडारण कक्ष बना लिया। पानी की जांच के लिए आने वाली किटों को यहां रखवा दिया। किटें गत्तों में भरी हुई थीं और गत्ते फटने लगे थे।
बुधवार सुबह स्टोर में ही इन किटों को जला दिया गया। किटों के साथ ही बड़ी संख्या में आधार कार्ड की फोटो कॉपी, पानी की गुणवत्ता की जांच से जुड़ी सूची समेत कई अन्य अभिलेख भी जला दिए गए। डीएम अनुनय झा बुधवार सुबह एडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी और एसडीएम शाहाबाद के साथ स्टेडियम से वापस जा रहे थे। इस दौरान जल निगम के स्टोर से धुआं उठता देख अनहोनी की आशंका में वह मौके पर पहुंच गए। यहां गेट अंदर से बंद मिला। कुछ देर बाद मेवालाल नाम के व्यक्ति ने गेट खोला। अंदर रितुराज त्रिपाठी और विपिन मिश्रा मौजूद मिले। यही लोग अभिलेख और किट जला रहे थे।
अधिशासी अभियंता नवनीत सिंह को मौके पर बुलाया गया लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे सके। सहायक अभियंता अमित सिंह को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। डीएम ने बताया कि बिना अनुमति के सामग्री और अभिलेख जलाना अपराध है। इसके लिए प्रभारी अधिशासी अभियंता नवनीत सिंह, सहायक अभियंता अमित सिंह, चौकीदार मेवाराम और सालिगराम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। इन सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति भी की गई है।
-
दो दिन पहले ही स्टोर इंचार्ज अवर अभियंता का हुआ तबादला
शासन की तबादला नीति के दायरे में आने से जल निगम ग्रामीण के स्टोर का चार्ज देख रहे अवर अभियंता का दो दिन पहले ही शाहजहांपुर तबादला हुआ है। अवर अभियंता सुधीर कुमार को तबादला होने पर कार्यमुक्त भी कर दिया गया है।