हरदोई। भारी बारिश के चलते शनिवारको जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। इमरजेंसी में दवाओं की उपलब्धता के साथ ही भर्ती मरीजों से भी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने पुलिस अधीक्षक एके मीणा के साथ इमरजेंसी में उपलब्ध दवाओं, चिकित्सकीय उपकरणों, बेड व्यवस्था और साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को देखा और स्वास्थ्य कर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में आने वाले गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। मरीजों और तीमारदारों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए भी विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने वार्ड में साफ-सफाई बनाए रखने तथा आवश्यक दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, उप जिलाधिकारी सदर मयंक कुंडु मौजूद रहे।