संडीला (हरदोई)। संडीला ब्लाक के मोहम्मदपुर गांव स्थित डाकघर में एक मामले की जांच करने आए डाक विभाग के अधिकारी को ग्रामीणों ने सोमवार को बंधक बना लिया। स्थानीय डाकघर के कर्मचारी पर डेढ़ दर्जन ग्रामीणों का विभिन्न योजनाओं में रुपये हड़पने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने घटना को अंजाम दिया। जानकारी होने पर शाम को पहुंची पुलिस ने आश्वासन देकर डाक अधिकारी को ग्रामीणों से छुड़वाया।
स्थानीय डाकघर कर्मचारी आलोक कुमार ने करीब डेढ़ दर्जन ग्रामवासियों को सुकन्या योजना, आरडी और अन्य खातों को खोलने के लिए हजारों रुपये जमा कराए और धनराशि डाकघर में जमा करने के बजाय हड़प लिया। ग्रामीणों को करीब एक माह पहले धनराशि हड़पे जाने की जानकारी हुई। जिसके बाद ग्रामीणों ने डाकघर पहुंच कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत आने पर डाक अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए अधिकारी नामित कर दिया। डाक विभाग अधिकारी आरसी राना ने गांव पहुंच कर मामले में कई बार जांच की लेकिन निष्कर्ष कोई नहीं निकला।
एक माह से हो रही जांच के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को ग्रामीण मोहम्मदपुर स्थित डाकघर पहुंचे और जांच अधिकारी आरसी राना को बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारी के आने के बाद ही उन्हें छोड़ने की बात कही। जानकारी मिलने पर डाक अधीक्षक नईमुद्दीन ने पुलिस को सूचित किया और ग्रामीणों को जांच पूरी कराने व दोषी कर्मचारी पर रिपोर्ट दर्ज करवा कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसी बीच पुलिस भी गांव पहुंच गई, जिसके बाद ग्रामीणाें ने जांच अधिकारी को छोड़ दिया।