पिहानी। जहानीखेड़ा बाजार से लौटते समय रविवार रात बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार लखीमपुर खीरी निवासी दोनों युवकों की मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
लखीमपुर खीरी जिले के पसिगवां थानाक्षेत्र के सियरहा गांव निवासी धर्मेंद्र (26) और श्यामप्रकाश (27) जहानीखेड़ा बाजार आए थे। रविवार को दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। रात लगभग आठ बजे बरवर मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे दोनों बाइक सवार घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की लाइट नहीं जल रही थी।
इससे बाइक चालक ट्रैक्टर नहीं देख पाया और बाइक ट्रैक्टर में जा घुसी। बाइक चालक हेलमेट भी नहीं लगाए था। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर सहित भाग निकला। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए शव भेजे हैं।