भरखनी (हरदोई)। पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम धर्मपुर में बुधवार की रात ट्रैक्टर-ट्राली तालाब में पलटने से गल्ला व्यापारी और ड्राइवर की मौत हो गई। पचदेवरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी बाबूराम गुप्ता का पुत्र गिरीश गुप्ता (35) गल्ला का कारोबार करता था।
मंगलवार को वह गांव निवासी ट्रैक्टर चालक मनीराम (30) के साथ ट्राली में गेहूं भरवाकर पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर की मंडी में बेचने के लिए गया था। बुधवार को वह लौट रहा था। ट्रैक्टर चालक मनीराम परिवार के साथ तालाब के ठीक सामने रहता था। रात करीब नौ बजे गांव के तालाब के सामने से गुजरने के दौरान ट्रैक्टर की स्टेयरिंग फेल होने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गया।
गिरीश और मनीराम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर परिजन और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हल्का इंचार्ज गंगा सिंह ने घटना की जांच पड़ताल के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मनीराम केे परिजनों ने बताया कि उनके छह बच्चों में तीन बेटे अंकुल, सूरज, रामजी के अलावा तीन बेटियां रानी, शिवानी और चांदनी हैं।