हरदोई / संडीला। बीती तीन अप्रैल को मीतों में वृद्धा की हत्या किए जाने की घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। प्रेम संबंधों में बाधा बनने पर बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर वृद्धा की हत्या की थी। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड के जरिए घटना का खुलासा कर दिया। युवती और उसके प्रेमी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
मीतों निवासी फूलमती (65) गांव में ही अपनी बेटी नीरज के साथ रहती थी। तीन अप्रैल की रात फूलमती का शव उसके घर से बमुश्किल 50 मीटर दूर पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम में सिर पर डंडा मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। तब से पुलिस इस मामले की विवेचना कर रही थी।
पुलिस को ग्रामीणों से पता चला कि नीरज की नजदीकियां शराफत नाम के ई रिक्शा चालक से थीं। दरअसल नीरज संडीला औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी में काम करती थीं। आवागमन के दौरान वह ईरिक्शा चलाने वाले शराफत के संपर्क में आ गई थी। दोनों की नजदीकियां बढ़ गई थीं। सीओ संतोष कुमार सिंह के मुताबिक शराफत आए दिन नीलम को छोड़ने के लिए उसके घर जाता था। इसके कारण फूलमती को शक हो गया था।
उसने शराफत को घर न आने की हिदायत दी थी। बावजूद इसके नीरज और शराफत का एक दूसरे से मिलना जुलना जारी रहा। इस पर फूलमती ने सख्ती की। सीओ का दावा है कि इसके बाद नीरज और शराफत ने फूलमती की हत्या की साजिश रची। तीन अप्रैल की शाम शराफत गांव में ही रुक गया। रात में फूलमती शौच जाने के लिए घर से निकली। इसी दौरान खाली पड़े प्लाट में पहुंचते ही शराफत और नीरज ने डंडे से वृद्धा पर वार कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। सीओ ने बताया कि सीडीआर का ब्योरा खंगाला गया, तो काफी अहम सुराग मिले। इसके बाद पूछताछ में पूरी बात सामने आ गई।