= कूड़ा उठान न होने से लोगों को परेशानी का करना पड़ा सामना
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बकाया मानदेय की मांग के समर्थन में सफाईकर्मियों के हड़ताल पर जाने से सोमवार को शहर में न तो झाड़ू लगी और न ही कूड़ा उठान हुआ। इसका असर शहर की सफाई व्यवस्था पर दिखने लगा है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए और एक ही दिन में शहर की सूरत बिगड़ने लगी। कूड़ा न उठने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बकाया मानदेय का भुगतान कराने की मांग को लेकर सफाईकर्मियों ने कामकाज नहीं किया। नियमित सफाईकर्मी और ठेका सफाईकर्मियों ने सुबह से ही काम ठप कर दिया। नगर पालिका कार्यालय परिसर में एकत्र हो गए। इससे न तो झाड़ू लगी और न ही कूड़ा उठान हुआ। सड़कों और गलियों में गंदगी जमा होने लगी। शहर के प्रमुख स्थानों सहित मोहल्लों में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे रहे। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस बार सफाईकर्मियों की हड़ताल में नियमित और ठेका कर्मचारी दोनों शामिल हैं। इससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रही।