हरदोई। मुख्यमंत्री के आदेश पर हुई जांच के बाद डीएम के निर्देश पर सोमवार को शाहाबाद के अल्हापुर सैदीखेल के कब्रिस्तान से तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में नवजात का शव कब्र से निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत रामापुर कड़रा निवासी सतेंद्र की ससुराल शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के नगला हुसैन गांव में है। उसकी पत्नी सोनम गर्भवती थी। बेहतर देखरेख के लिए सोनम अगस्त में मायके आ गई थी। 27 अगस्त को प्रसव पीड़ा होने पर सोनम शाहाबाद सीएचसी जा रही थी।
रास्ते में अल्हापुर सैदीखेल निवासी कथित नर्स शशि मिल गई। उसने प्राइवेट अस्पताल में डिलीवरी कराने की सलाह दी। उसने भरोसा दिलाया कि प्राइवेट अस्पताल में सामान्य डिलीवरी हो जाएगी। इसके बाद शशि अपने सहयोगी कनकलता के साथ उसे शाहाबाद के ग्लोबल हॉस्पिटल ले गई। यहां 28 अगस्त को सोनम का प्रसव ऑपरेशन से हुआ।
नवजात की हालत गंभीर बताकर उसे एक अन्य प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने नवजात का अंतिम संस्कार कर दिया। दो कथित नर्स की लापरवाही का आरोप लगाते हुए सोनम के भाई विपिन ने गोरखपुर में आयोजित मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में शिकायत दर्ज कराई।
मुख्यमंत्री के आदेश पर डीएम ने डिप्टी सीएमओ पंकज मिश्रा को जांच के लिए भेजा। 12 सितंबर को दोनों कथित नर्स के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। इसी मामले की विवेचना के क्रम में नवजात का पोस्टमार्टम कराना जरूरी था। डीएम की अनुमति के बाद शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शाहाबाद कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।