घर से ससुराल गए युवक की लाश सोमवार को धोबिया आश्रम
के जलस्रोत में पड़ी पाई गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव
पोस्टमार्टम को भेजा। पोस्टमार्टम हाउस के सूत्रों के अनुसार मौत का कारण
स्पष्ट न होने पर बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। घटना को लेकर परिजनों ने
किसी पर आरोप नहीं लगाया।
वहीं पुलिस पानी में डूबकर मौत होने की बात कह
रही है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को धोबिया आश्रम के प्राकृतिक
जलस्रोत में एक युवक की लाश तैरती दिखाई दी। खबर फैलते ही इसकी शिनाख्त
बिजगवां थाना मझिला निवासी नीरज के रूप में की गई।
बताया जाता है कि नीरज
ब्लाक संसाधन केंद्र मल्लावां पर कंप्यूटर आपरेटर के पद पर तैनात थे। इस
बारे में नीरज के भाई अंबुज ने बताया नीरज हरदोई के मोहल्ला आजादनगर में
रहते हैं। 29 अगस्त 15 को नीरज अपनी पत्नी रेखा और पुत्री तान्या के साथ
बाइक से अपनी ससुराल महोली सीतापुर के लिए निकले थे।
सोमवार की सुबह नीरज
के साले नीरज कुमार ने फोन पर उसे भाई का शव मिलने की सूचना दी। ससुराल
वालों के अनुसार नीरज पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल आए थे। रविवार को वह
धोबिया आश्रम जाने के लिए कह कर बाइक से अकेले घर से निकले थे। शाम होने के
बाद भी जब वह वापस नहीं आए तो तलाश शुरू हुई।
वहीं धोबिया आश्रम में उसकी
लाश मिल गई। एसआई राजन कुमार ने बताया कि परिजनों ने अब तक किसी पर कोई
आरोप नहीं लगाया है। उनकी सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया
है। पुलिस का कहना है कि अत्यधिक नशे में होने के कारण जलस्रोत में गिरकर
यह डूबने का भी मामला हो सकता है।