हरदाेई। कछौना कोतवाली क्षेत्र के नैरा गांव में शनिवार देर शाम एक बुजुर्ग का शव फंदे से लटका मिला। मौत की वजह पर परिजन चुप्पी साधे रहे। मौत की वजह को लेकर ग्रामीण तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नैरा के मजरा लोन्हारा निवासी मुन्ना (60) खेती करते थे। वह घर में अकेले रहते थे। उनके पुत्र पानीपत में काम करते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक मुन्ना शराब के आदी थे। शनिवार दोपहर उनको गांव में देखा गया था। इसके बाद वह नजर नहीं आए। पड़ोसियों ने अपनी छत से मुन्ना के घर के बरामदे में गमछे के फंदे से उनका शव लटका देखा। पुलिस को सूचना दी गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने जुटाए। मृतक के परिवार में पांच पुत्र और एक पुत्री है। मृतक के परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।