हरदोई। रात में सामान्य तौर पर सोए अधेड़ का शव सुबह घर के आंगन में संदिग्ध हालात में बिस्तर पर पड़ा मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। परिजनों ने नीला पड़ा शव देखकर जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई। मृतक के भतीजे ने चाची पर ही शक जाहिर किया है।
बिलग्राम थाना क्षेत्र के बैफरिया गांव निवासी रावेंद्र (52) खेती करते थे। रविवार की सुबह घर के आंगन में बिस्तर पर उनका शव पड़ा मिला। पत्नी रामलली जब उन्हें जगाने गईं तो कोई जवाब न आने पर वह चिल्लाने लगीं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए। संदिग्ध हालात में चाचा के शव को देखकर भतीजे कमलेश कुमार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। मृतक के भतीजे ने बताया चाची का गांव के ही एक व्यक्ति से प्रेम-प्रसंग है। इस बात को लेकर अक्सर दोनों में कहासुनी होती थी। भतीजे ने चाची पर शक जाहिर किया है। मृतक के दो पुत्र गौरव (7) व सौरव (5) हैं। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ की आंशका जताते हुए विसरा सुरक्षित किया गया है।