हरदोई। शिक्षक पात्रता परीक्षा के दौरान संडीला के भगवान बुद्ध इंटर कॉलेज केंद्र पर परीक्षार्थियों ने निर्धारित समय से पूर्व गेट बंद करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। व्यवस्थापक मिथिलेश कुमार ने निर्धारित समय से गेट बंद कराने की सफाई पेश की। कहा है कि निर्धारित समय 9:30 बजे गेट बंद किया गया है। उधर जीजीआईसी के परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी गेट बंद होने के बाद गिड़गिड़ाते रहे। इसी तरह अन्य केंद्रों से परीक्षार्थियों के असंतोष की खबरें आईं।
टीईटी की दोनों पालियों में जिले के 21998 ने परीक्षा दी। इसमें प्राथमिक स्तर के लिए 15151 जबकि जूनियर स्तर के लिए 9405 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा जिले में दो पालियों में हुई। सुबह की पाली में प्राइमरी वर्ग की परीक्षा के लिए जिले भर में 25 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। इन केंद्रों पर 1494 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। 13657 ने ही परीक्षा दी। जूनियर वर्ग की दूसरी पाली में आयोजित परीक्षा के लिए बने जिले भर के 15 परीक्षा केंद्रों पर 8341 ने परीक्षा दी। जबकि 1064 आवेदक परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
सरकारी शिक्षक की पात्रता के लिए अनिवार्य टीईटी की परीक्षा के लिए आवेदकों में जबरदस्त जुनून देखा गया। गलन भरी ठंड के बावजूद परीक्षार्थी समय से काफी पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन व शिक्षा विभाग के अधिकारी पूरे समय केंद्रों पर नजर बनाए रहे। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। डीएम-एसपी समेत जिले के सभी बड़े अधिकारी खुद केेंद्रों पर व्यवस्था की देखरेख में लगे रहे। डीआईओएस वीके दुबे ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। कहीं किसी प्रकार की अप्रत्याशित घटना नहीं हुई है।
प्रशासन ने इसके लिए जिले के सभी 25 परीक्षा केंद्रों को 13 सेक्टरों में बांटा था। 13 सेक्टर, 25 स्टैटिक, 25 पर्यवेक्षकों के अलावा तीन सचल दल भी सक्रिय रहे। डीआईओएस, डायट प्राचार्य और बीएसए सचल दल में शामिल थे।
टीईटी की परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर कुछ अभ्यर्थियों की भावनात्मक तस्वीरें भी सामने आईं। दूर-दराज से आए तमाम परीक्षार्थी साधनों की अनुपलब्धता या देरी के चलते केंद्र पर निर्धारित समय से कुछ देरी से पहुंचे। जबकि केंद्रों का गेट निर्धारित समय पर बंद किया जा चुका था। ऐसी स्थिति में परीक्षार्थी केंद्र व्यवस्थापकों से गुजारिश करते नजर आए।
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए बनाए गए जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर फोटोकॉपी की दुकानों को प्रशासन ने बंद कर दिया। नकलविहीन परीक्षा कराने और पेपर लीक होने की संभावना को खत्म करने के लिए प्रशासन ने केंद्रों के आसपास के फोटो कॉपी सेंटरों को बंद करवा दिया।
फोटो-7 सीएसएन पीजी कालेज के परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते डीएम व एसपी- फोटो : HARDOI
फोटो-8 परीक्षा केंद्र के पास बंद फोटोकॉपी की दुकानें- फोटो : HARDOI
फोटो-9 पहली पाली की परीक्षा छूटने के बाद जाम हुआ यातायात- फोटो : HARDOI
फोटो-34 संडीला के परीक्षा केंद्र पर असंतोष जताते परीक्षार्थी- फोटो : HARDOI
फोटो-52 जीजीआईसी का गेट बंद होने के बाद परीक्षा व्यवस्थापकों से गुजारिश करते परीक्षार्थी- फोटो : HARDOI