हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर कसरावां पेट्रोल पंप के निकट टेंपो और टाटा मैजिक डाला बीच टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों पर सवार 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन की हालत अधिक गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना से चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी बीसी दुबे, कोतवाल नागेश मिश्र मौके पर पहुंचे और घायलों को लखनऊ भिजवाने की व्यवस्था करवाई।
बिलग्राम शरीफ से हरदोई की ओर सवारी भरकर आ रहे एक टाटा मैजिक की सामने से आ रहे एक टेंपो से बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर स्थित कसरावां स्थित पेट्रोल पंप के सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में टेंपो सवार रिंकू (30) पुत्र राम किशोर निवासी रघुनाथ पुर भुटिया जनपद फर्रुखाबाद, उसकी पत्नी रूबी (28) और पिता राम किशोर (50) के अलावा कुतुआपुर निवासी राज कुमार (32) पुत्र गुरू बक्श, संगीता (18) पत्नी नीरज, जयदेवी (38) पत्नी राकेश निवासी राघवपुर मल्लावां और संतोष (38) पुत्र रामपाल निवासी जगत पुरवा थाना सुरसा घायल हो गए। वहीं मैजिक पर सवार जनपद शाहजहांपुर के थाना सिघौली के कोरो कुंइयां निवासी शमशेर (73) पुत्र सुक्खा की मौत हो गई।
इसके अलावा नन्हीं (30) पत्नी अबरार, शबाना (22) पत्नी खुसरो, निसार (35) पुत्र शम शेर, खुशबू (27) पत्नी अनवर, शहर कोतवाली क्षेत्र के बैटगंज निवासी अशरफ (12) पुत्र मुसर्रफ,, बिलग्राम कोतवाली के नौबतपुर निवासी शबनम (38) पत्नी रईस, आजम (10) पत्नी रईस, आसिया बेगम (50) पत्नी रसूलरूल हक गंभीर रुप से घायल हो गई। इसी दौरान उधर से जा रहे अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी बीसी दुबे हादसा देख रुक गए। उन्होंने एंबुलेंस व गाड़ी केे माध्यम से घायलोें को जिला अस्पताल भेजा और खुद भी अस्पताल पहुंच गए। इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही कोतवाल नागेश मिश्रा अस्पताल पहुंचे और घायलोें के उपचार की व्यवस्था कराई। चिकित्सक ने रिंकू,राम किशोर और संतोष की हालत गंभीर होने पर लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।