दिन में धूप का असर भी लगातार हो रहा कम
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदाेई। जिले में कड़ाके की सर्दी का असर धीरे-धीरे शुरू होने लगा है। रात में पारा लगातार गिर रहा है, इस कारण ठिठुरन बढ़ गई है। दिन में भी धूप का असर कम होने से लोगों को कड़ाके की सर्दी का आभास होने लगा है।
बीते दो दिन से जिले में रात का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। यह इस सीजन का अभी तक का सबसे कम तापमान है। हालांकि दिन में तो तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है लेकिन अंधेरा होते ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाती है और आधी रात के बाद तक तापमान काफी कम हो रहा है। तापमान में गिरावट आने से ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि सप्ताहभर के अंदर जिले में अच्छी-खासी सर्दी शुरू हो जाएगी। हालांकि शाम होते ही लोग शॉल-स्वेटर का उपयोग करते नजर आ रहे हैं। मौसम वेधशाला में रविवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आर्द्रता सुबह के समय 82 प्रतिशत और शाम को 52 प्रतिशत हो रही है। हवाओं की रफ्तार चार किमी प्रति घंटा बताई जा रही है।