किशोर की गला दबाकर हत्या, दोनों आंखें फोड़ीं
- शव को खेत में फेंक गए हत्यारे
संवाद न्यूज एजेंसी
टड़ियावां। थाना क्षेत्र के बरियातालाब गांव में एक किशोर की निर्मम तरीके से गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसकी दोनों आंखें फोड़कर शव गेहूं के खेत में फेंक दिया गया। इस घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर एसपी राजेश द्विवेदी मौके पर पहुंचे।
गुरुवार को बरियातालाब गांव के बाहर एक गेहूं के खेत में एक किशोर का शव पड़ा देखा गया। इस पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर लग गई। शव की पहचान गांव निवासी राजनाथ के पुत्र लक्ष्मण (16) के रूप में हुई। गला दबाकर हत्या करने के साथ ही हत्यारों ने उसकी दोनों आंखें भी फोड़ दी थीं।
सूचना मिलते ही परिजनों मौके पर पहुंचे, इधर घर में चीख-पुकार मच गई। पिता का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व ही गांव के कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हुई थी। इन्हीं लोगों ने बेटे की हत्याकर शव को खेत में फेंक दिया है। किशोर की हत्या किए जाने की सूचना पाकर एसपी राजेश द्विवेदी, एएसपी दुर्गेश कुमार सिंह, सीओ हरियावां शिल्पा कुमारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी ने बताया कि शव देखने से लगता है कि किशोर की गला दबाकर हत्या की गई है, आंखों पर भी गहरी चोट है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले के खुलासे के लिए टीमों को लगा दिया गया है। बताया गया है कि होलिका दहन के बाद रात में ही शव देखा गया था। पुलिस सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है।