लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम भीखपुर में एचटी लाइन का तार टूट कर एलटी लाइन पर गिर गया। इससे घरों में हाई वोल्टेज पहुंच गया और एक किशोरी की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य झुलस गए। कई घरों में उपकरण फुंक गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम भीखपुर में रविवार दोपहर गांव के पास निकली एचटी लाइन का तार टूटकर गांव को जाने वाली एलटी लाइन पर जा गिरा। इससे घरों में हाई वोल्टेज पहुंच गया और हड़कंप मच गया। आननफानन में लोगों ने गांव की बिजली बंद कराई। तब तक कई घरों के उपकरण जल गए। पातीराम की पुत्री अनुराधा (17) भी टीवी बंद करने के लिए स्विच आफ कर रही थी कि तेज करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह दो बहनें और तीन भाइयों में चौथे नंबर पर थी। उसके पिता खेतीबारी करते हैं। हाई वोल्टेज से गांव निवासी सुशीला (45) पत्नी हाकिम सिंह, रामवती (45) पत्नी राम कुमार और मुस्कान (6) पुत्री राम जी भी झुलस गए। इनको स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। मुनेश्वर कुमार के घर के बिजली के सभी उपकरण फुंक गए। अन्य घरों के भी उपकरण फुंके। घटना के संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष इंद्रजीत राय ने बताया कि जानकारी मिली है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
पीड़ितों को दिया जाएगा मुआवजा
हरदोई। अधिशाषी अभियंता द्वितीय अशोक कुमार ने बताया कि ऐसी घटनाओं में मुआवजे का प्राविधान है। इसके लिए अवर अभियंता की रिपोर्ट के उपरांत विद्युत सुरक्षा निदेशालय की टीम जांच करेगी और उसी की रिपोर्ट के आधार पर पीड़ितों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।