-सात दिवसीय स्काउट गाइड के प्रशिक्षण शिविर का तीसरा दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन बेसिक कोर्स के तीसरे दिन छह प्रमुख व्यायामों के अभ्यास कराए गए। प्रशिक्षणार्थियों को शारीरिक चुस्ती, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का महत्व समझाया गया।
जीआईसी के स्काउट भवन में चल रहे प्रशिक्षण शिविर के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रगतिशील प्रशिक्षण प्रणाली के विषय में जानकारी दी गई। इसके अलावा, स्काउटिंग गतिविधियों में सीटी और हाथ के संकेतों के प्रयोग की विधि भी समझाई गई।शिविर में रस्सी के विभिन्न उपयोगों पर जोर देते हुए गांठों, फांस और बंधनों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, दल व कंपनी के ध्वज, विश्व स्काउट ध्वज और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व व उससे जुड़े शिष्टाचार के बारे में बताया गया।
खेल-खेल में स्काउटिंग गतिविधियों को रोचक बनाने के लिए विभिन्न खेलों का भी आयोजन किया गया।शिविर संचालक रमेश वर्मा, गाइड विंग की शिविर संचालिका प्रीति मिश्रा के नेतृत्व में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आकाश कश्यप, विजय यादव, कामना कटियार, अलका गुप्ता, विपिन त्रिपाठी, हरिमोहन, दीपेंद्र मोहन, आकाश सिंह, आर्यन श्रीवास्तव, नैतिक गुप्ता और शुभम वर्मा ने प्रशिक्षण के टिप्स दिए।