हरदोई। साल 1999, 2004 के साथ ही साल 2007 के विशिष्ट बीटीसी के प्रथम बैच का गजट बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात अध्यापकों को दर्द दे रहा है। इन वर्षों का विशिष्ट बीटीसी का गजट जिले में न होने से साल 2010 से पहले नियुक्ति पाए शिक्षकों को सी-टीईटी आवेदन में ही दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। वहीं शासन ने 18 दिसंबर तक आवेदन का मौका दिया है।
शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत पुरानी अनट्रेंड शिक्षकों को सी-टीईटी पास किया जाना अनिवार्य किया है। बेसिक शिक्षा विभाग में साल 2010 से पहले नियुक्ति पाए शिक्षकों के लिए सी-टीईटी अनिवार्य किया गया है। जिसके लिए विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू की है।
आवेदन के समय विशिष्ट बीटीसी के गजट जिले में उपलब्ध न होने से अभ्यर्थियों को दिक्कतें आईं हालांकि, कुछ समय बाद ऑनलाइन आवेदन में गजट की अनिवार्यता को वैकल्पिक कर दिया गया। जिससे अब ऑनलाइन आवेदन तो होने लगे हैं, लेकिन काउंसलिंग के समय गजट का होना जरूरी है। जबकि एनसीईआरटी ने विशिष्ट बीटीसी के गजट सभी जिलों को समय से उपलब्ध कराने की व्यवस्था दी है। जनपद में 1999 बैच के वर्तमान में विशिष्ट बीटीसी के 300 शिक्षक सेवारत हैं।
-
परीक्षा नियामक प्राधिकारी से मांगी गई है गजट की कॉपी
विशिष्ट बीटीसी पास अभ्यर्थियों ने गजट न होने की जानकारी दी थी। जिस पर गजट की कॉफी उपलब्ध कराए जाने के लिए परीक्षा नियामक आयोग के सचिव/प्राधिकारी को पत्र भेजा गया है। सचिव से गजट की प्रतियाें की मांग की गई है। जिससे अभ्यर्थियों की समस्या का समाधान हो सकेगा। जल्द ही प्रतियां मिलने की उम्मीद है। -रमेंद्र सिंह, प्राचार्य, जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान