हरदोई। माध्यमिक विद्यालय के बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को राज्य व मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। शिक्षक 25 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
शासन की ओर से माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों को राज्य व मुख्यमंत्री पुरस्कार के लिए सम्मानित करने की योजना चल रही है। इसके लिए राजकीय माध्यमिक विद्यालय, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और संस्कृत शिक्षा परिषद के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन मांगें गए है। जिला विद्यालय निरीक्षक बालमुकुंद प्रसाद की ओर से इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्यों को पत्र लिखकर निर्देशित किया गया है कि वह विद्यालय के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के ऑनलाइन आवेदन कराएं। शिक्षक छह सितंबर से 25 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। शिक्षकों को आवेदन की तीन प्रति छह सितंबर तक डीआईओएस कार्यालय में जमा करनी होगी। उन्होंने अधिक से अधिक शिक्षकों से आवेदन कराए जाने के निर्देश दिए हैं।