-टड़ियावां। टड़ियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के क्षेत्र में आने वाले इलाकों में बुखार से मौत का सिलसिला जारी है। फुकहा और भैंसरी में बुखार पीड़ित एक-एक शख्स की शुक्रवार रात मौत हो गई। दोनों ही गांवों में लगभग चालीस लोग बुखार से पीड़ित हैं। फुकहा निवासी अमृत (40) खेती करता था। कई दिनों से वह तेज बुखार से पीड़ित था। शुक्रवार की शाम उसकी मौत हो गई। भैंसरी निवासी अनुज (42) को शुक्रवार सुबह तेज बुखार आया और दोपहर में उसने भी दम तोड़ दिया। भैंसरी गांव में संजय, महेंद्र, कुंती, राजेश, रामसिंह, राजेंद्र समेत लगभग 25 लोग बुखारसे पीड़ित हैं। इसी तरह फुकहा गांव में जैनेंद्र, श्रीराम, आशादेवी, गिरिंद, रहीश समेत लगभग 15 लोग बुखार की चपेट में हैं।
बुखार से ढिकुन्नी की ग्राम प्रधान की मौत
भरावन विकास खंड की ग्राम पंचायत ढिकुन्नी की प्रधान प्रेमा पांडे (62) का बुखार के चलते शनिवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके पति विजय कुमार पांडेय ने बताया कि बुधवार की रात तेज बुखार आने पर उपचार के लिए लखनऊ के मेदांता अस्पताल ले गए थे। शनिवार को दोपहर बाद फिर से तेज बुखार आया और इसके कुछ देर बाद ही प्रेमा पांडेय की मौत हो गई।