फोटो-8-अपने प्रपत्रों की जांच कराने के बाद अपने परिजनों से वार्ता करती महिला अभ्यर्थी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। 69 हजार शिक्षक भर्ती की काउंसलिंग बुधवार को शहर के दो सेंटरों पर शुरू तो हुई लेकिन दोपहर बाद भर्ती पर स्टे आने से काउंसलिंग रोक दी गई। काउंसलिंग के लिए दो सेंटरों पर बुलाए गए 1200 अभ्यर्थी मुरझाए चेहरों से वापस लौट गए। निदेशक का आदेश आने के बाद विभाग ने काउंसलिंग रोककर जमा अभिलेख लौटा दिए।
जिले में शिक्षकों के 2450 पद रिक्त हैं। इन पदों के सापेक्ष भर्ती के लिए इलाहाबाद से 2401 चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। काउंसलिंग तीन से छह जून तक होनी थी। काउंसलिंग के लिए आरआर इंटर कालेज व जीआईसी को तैयार किया गया था। बुधवार सुबह से इन सेंटरों पर चयनित अभ्यर्थियों के वाहन पहुंचने लगे। प्रेक्षक अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मायाशंकर , बीएसए हेमंत राव सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
आरआर में एक से छह सौ तक व जीआईसी में 601 से 1200 तक के अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। काउंसिलिंग को लेकर शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारी की थी। गेटपर लोगों के हाथ सैनिटाइज कराए गए। दीवारों पर क्रमांकवार सूची चस्पा कर दी गई। इससे अभ्यर्थी अपने कक्षों में पहुंच गए। दोपहर तीन बजे निदेशालय से स्टे होने के आदेश जारी किए गए। इसके बाद काउंसलिंग अग्रिम आदेशों तक के लिए रोक दी गई। बीएसए ने बताया कि दोनों सेंटरों पर छह सौ अभ्यर्थियों की काउंसलिंग हो चुकी थी। अभिलेख वापस करा दिए गए। जिनको अभिलेख नहीं मिले हैं वे कार्यदिवस में कभी भी शिक्षा विभाग के कार्यालय से प्राप्त कर सकेंगे।