बेनीगंज। राष्ट्रीय शैक्षिक कार्यशाला एवं स्कूल लीडरशिप अवार्ड समारोह में कोथावां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय थानगांव में कार्यरत शिक्षक राजीव कुमार को शैक्षिक नवाचार और शोध के लिए प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
जेएस विश्वविद्यालय शिकोहाबाद, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मथुरा, बेसिक एजुकेशन मूवमेंट ऑफ इंडिया और युग निर्माण योजना मथुरा के संयुक्त तत्वाधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में कोरोना वायरस समस्याएं एवं समाधान नामक पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसमें शिक्षक राजीव कुमार का शोध पत्र भी प्रकाशित हुआ है।
जेएस विश्वविद्यालय शिकोहाबाद के विभागाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र सिंह, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मथुरा के प्राचार्य एवं उपनिदेशक महेंद्र प्रताप सिंह, युग निर्माण योजना शिक्षक प्रकल्प मथुरा गायत्री तपोभूमि के प्रमुख प्रमोद कुमार शर्मा ने शिक्षक को सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि विभिन्न जनपदों के नवाचारी और शिक्षा में शोध करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया है।