हरदोई में कोरोना संक्रमित सवायजपुर भाजपा विधायक रानू को लखनऊ में पीजीआई में बेड न मिलने पर उनके भाई की सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट पर छपी खबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शेयर कर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया है कि यूपी सरकार के अधिकारी लाखों बेड होने का झूठ बोलते हैं। इस पर भाजपा विधायक ने भी उन्हें जवाब दिया है।
सवायजपुर से भाजपा विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू बीते सोमवार को एंटीजन टेस्ट में कोरोना संक्रमित मिले थे। उसी दिन विधायक एल-2 अस्पताल हरदोई में भर्ती हो गए थे। मंगलवार को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ चले गए थे। वहां जाने के बाद वह एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हो गए थे। विधायक के छोटे भाई प्रदेश गन्ना संघ के निदेशक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार दोपहर 3:26 मिनट पर मुख्यमंत्री कार्यालय के फेसबुक एकाउंट पर अफसरों की प्रेस कांफ्रेंस पर नाराजगी जाहिर कर लिखा था कि सब फर्जी, विधायकों को बेड नहीं मिल रहा है।
भाषण देना है तो मंच लगा लीजिए। इससे संबंधित खबर अमर उजाला ने गुरुवार के अंक में प्रकाशित की थी। खबर को प्रियंका गांधी वाड्रा ने फेसबुक पेज पर शेयर कर लिखा है कि यूपी सरकार के अधिकारी रोज बैठकर प्रेस के सामने लाखों बेड होने का झूठ बोलते हैं। लेकिन हाल देखिए उनकी पोल खुद उनके विधायक के भाई ने खोल दी। साथ में प्रियंका गांधी ने ये भी लिखा कि ये है यूपी सरकार के दावों की असलियत।