हरदोई। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत शुक्रवार को अलग-अलग शैक्षिक संस्थाओं में टैबलेट वितरण किया गया। स्वशासीय राजकीय मेडिकल कॉलेज के साथ ही आईटीआई और सीएसएन डिग्री कॉलेज में भी टैबलेट वितरित किए गए। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि युवा मेधावियों को तकनीक से जोड़कर उन्नति का रास्ता दिखाया गया है। युवाओं से टैबलेट का सकारात्मक इस्तेमाल करने की बात भी वक्ताओं ने कही।
गौराडांडा स्थित मेडिकल कॉलेज के एकेडमिक ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में टड़ियावां के ब्लॉक प्रमुख रवि प्रकाश ने 52 मेधावियों को टैबलेट वितरित किए। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर्य देश दीपक, डॉ. अदिती गर्ग भी मौजूद रहीं। ब्लॉक प्रमुख ने मेधावियों को शुभकामनाएं दीं तो प्राचार्य ने इसका सकारात्मक उपयोग अध्ययन कार्य में करने के लिए कहा।
राजकीय औद्यौगिक प्रशिक्षण संस्थान में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने प्रशिक्षितों को टैबलेट का वितरण किया। कार्यक्रम में आईटीआई हरदोई के 78 और शाहाबाद के 38 प्रशिक्षितों को टैबलेट दिए गए हैं। प्रधानाचार्य रोहित कुमार श्रीवास्तव, फोरमैन आदिल रिजवी, प्रताप विक्रम सिंह, रवि शुक्ला, रत्नेश कुमार, दिलीप कुमार वर्मा सहित संस्थान के कर्मचारी मौजूद रहे। सीएसएनपीजी कॉलेज में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने 166 विद्यार्थियों को टैबलेट का वितरण किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान व तकनीकी में दक्ष युवा ही भारत का नव निर्माण करेंगे। भाजपा के जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, प्राचार्य प्रो केके सिंह, डॉ. दीपक कुमार राय, डॉ.जितेंद्र सिंह चौहान, साधना शुक्ला, सचिन सिंह, माया प्रकाश, आरएल वर्मा मौजूद रहे।
हरपालपुर विकास खंड के इकनौरा में संचालित राजवती औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष आलोक मिश्रा ने प्रशिक्षितों को टैबलेट का वितरण किया। उन्होंने कहा कि सभी छात्र टैबलेट का तकनीकी व आधुनिक शिक्षा के लिए उपयोग करें। कार्यक्रम में 34 प्रशिक्षितों को टैबलेट वितरित किए गए। प्रधानाचार्य विनोद कुमार, ललित कुमार अग्निहोत्री, प्रेम कुमार मिश्रा, संदीप पाल, प्रगति श्रीवास्तव, सुनीत तिवारी मौजूद रहे।