हरदोई। जल्द ही जिले के प्रत्येक परिषदीय विद्यालय को एक-एक टैबलेट मिल जाएगा। शासन स्तर से इसके लिए टेंडर निकाले गए हैं। इससे प्रेरणा एप को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।
शासन ने जब प्रेरणा एप लांच किया तो कई शिक्षकों ने इसका विरोध किया था। यहां तक शिक्षक संगठनों ने मोबाइल से सेल्फी भेजने से इनकार कर दिया था। इसके बाद शासन ने टैबलेट भेजे जाने का निर्णय लिया था। प्रदेश के शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठकों में कई बार मौखिक यह बताया गया था कि जल्द टैबलेट दिए जाएंगे। तब से लेकर अब तक कुछ नहीं हुआ। बुधवार को शासन से टैबलेट के लिए टेंडर जारी होने की जानकारी मिली है। वित्त एवं लेखाधिकारी योगेश पांडेय ने बताया कि उन्हें भी ये जानकारी बुधवार को ही मिली है। स्कूलों में टैबलेट मिलने की उम्मीद एक बार फिर जाग गई है। इससे प्रेरणा एप को जान मिलेगी।
हरदोई। जब स्कूलों में टैबलेट पहुंच जाएंगे तो वहां पर नियत समय में ही उपस्थिति व स्टाफ की सेल्फी भेजनी होगी। इसमें किसी तरह की कोई कोताही नहीं होगी। जिसके बाद कहना गलत न होगा कि स्कूलों में अनुपस्थिति पर पूरी तरह से लगाम लगेगी।
हरदोई। जूनियर शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष योगेश त्यागी ने बताया कि टेंडर उनकी जानकारी में एक बार शासन स्तर से हो चुका लेकिन इतने बड़े काम में कोई कंपनी आगे नहीं आई लेकिन अच्छी बात है कि यदि सभी स्कूलों में टैबलेट पहुंच जाएं। उन्होंने बताया कि अपने मोबाइल से शिक्षकों से सेल्फी भेजने से साफ इनकार कर दिया था और एप का उस समय विरोध किया था।