हरदोई। सुरसा पुलिस को शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर बड़ी सफलता मिली है। लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े दो शातिर लुटेरों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपियों के पास से चोरी की बाइक दो तमंचे व कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।
एसओ अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार को मझिला पुल के पास पेंग मार्ग पर मुखबिर ने दो संदिग्ध युवक बाइक से खड़े देखे। बाइक सवारों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसआई जावेद अहमद ने पुलिस टीम के साथ दबोच लिया। मौके से चोरी की बाइक कब्जे में ली। वहीं तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम अनिकेत पुत्र पप्पू बरुआर, नागेंद्र पुत्र राकेश निवासी सुरजीपुर शहर कोतवाली बताया है। वहीं आरोपियों ने पूर्व में की लूट की आधा दर्जन वारदातों को कबूला है। एसओ ने बताया कि दोनों शातिर लुटेरे हैं। कई वर्षों से सुरसा समेत शहर कोतवाली, पिहानी, शाहाबाद, बघौली, बेनीगंज, बिलग्राम आदि थाना क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम दे रहे थे। एसओ ने बताया कि बाइक को सीज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।