संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को विभागीय कार्य में रुचि न लेने पर हटा दिया गया। उनको मध्यांचल में संबद्ध किया गया है। उनके स्थान पर मध्यांचल में संबद्ध रमेश चंद्र की तैनाती की गई है।
बिजली विभाग में वर्तमान में कई कार्यों के लिए कार्यदायी संस्था नामित नहीं है। इससे शहर में ट्रांसफार्मर बदलने से लेकर उपभोक्ताओं की बिजली लाइन बनाने के कार्य में समस्या आ रही है। विभाग की ओर से निविदा प्रक्रिया छह माह बाधित थी। उसको पूरा नहीं किया जा रहा था। इससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे थी। जिसका खामियाजा जिले के पांच लाख उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा था।
अमर उजाला ने उपभोक्ताओं के कार्य में आ रही समस्याओं को उजागर करते हुए आठ सितंबर के अंक में बिजली कनेक्शन देने न टेंडर न ट्रांसफार्मर मरम्मत का शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। समाचार प्रकाशित होने के बाद विभागीय उच्चाधिकारियों ने संज्ञान लिया और मध्यांचल प्रबंध निदेशक ने अधीक्षण अभियंता संजय गुप्ता को मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। उनके स्थान पर मध्यांचल मुख्यालय में तैनात रमेश चंद्र की तैनाती की गई है।