हरदोई। पिछले दो दिन से धूप निकलने से सर्दी कम हुई है। इसके चलते सहालगों के मद्देनजर बाजारों में चहल-पहल बढ़ने लगी है। मंगलवार को सिनेमा रोड पर दिन में महिलाएं बाजारों की ओर रुख करते दिखीं।
मौसम के मिजाज बदलने लगे हैं। जिसके चलते पारे का अधिकतम स्तर पिछले एक माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।
पिछले 30 दिनों में अधिकम 18 तो न्यूनतम चार डिग्री सेल्सियस के आस पास रहे तापमान का स्तर एक माह के बाद अब बढ़कर 22 डिग्री तक पहुंच गया है।
ऐसे में लोग दिन के समय में चटख धूप में सर्दी से पूरी तरह से राहत महसूस कर रहे है। यह अलग बात है कि अभी देर रात से जल्द सुबह तक काफी ठंडक रहती है।
मौसम के जानकारों का कहना है कि मौसम के तेवर नरम होते जा रहे, सर्द हवाएं भी ठहरी हुई हैं, जिससे धूप अच्छी लगने लगी है। फरवरी में असमय होने वाली बारिश अगर नहीं हुई तो मौसम अच्छा रहेगा।
पिछले 30 दिनों में पारे का स्तर काफी नीचे चला गया था और लगभग एक पखवाड़े तक कड़ाके की ठंड से आम जनजीवन ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी भी परेशान हो गए थे।
फरवरी लोगों को सर्दी से राहत दिलाने के लिहाज से अभी तक ठीक रहा, जिसके कारण लोग सर्दी से काफी राहत महसूस कर रहे हैं।