रविवार को भी तेज धूप एवं गर्म हवाओं से निकलती आग से
लोगों को राहत नहीं मिल सकी। हर वर्ग घरों से लेकर बाहर तक सूरज से निकल
रही आग से बिलबिलाता नजर आया। कहना गलत न होगा कि अब हर कोई बारिश क ा
बेसब्री से इंतजार करने लगा है।
पिछले तीन चार दिनों से तापमान 42
डिग्री से नीचे नहीं आ रहा, जिससे मौसम थोड़ा भी नरम होता नहीं दिख रहा है।
ऊपर से चल रही गरम हवाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सूरज की तपिश
बढ़ते देख अब लोग यह कहने से भी नहीं चूकते कि अब लगता है कि सूरज अब नीचे आ
गया है।
रविवार को भी तापमान का अधिकतम स्तर 42.0 एवं न्यूनतम 28.0 डिग्री
सेल्सियस रहा। गत दिन की तरह आज भी गर्मी से लोग खासे परेशान नजर आए। तेज
धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से जन जीवन ठहर रहा है। दोपहर होने से पहले
ही तेज धूप लोगों को बेहाल कर देती है।
ऐसे में ठिठकते राहगीर सुस्ताने
के लिए इधर-उधर पेयजल तथा छांव की तलाश करते नजर आते हैं। रविवार को तेज
धूप के साथ हवाओं ने भी लोगों को खासा परेशान किया। धूप से बचने के लिए लोग
अपने चेहरों को रुमाल, गमछों आदि से बचाने का जतन करते रहे। चिलचिलाती
गर्मी में लोग पानी को लेकर व्याकुल दिखे।
रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आते ही
पानी की तलाश में यात्री दिखाई दिए। उधर, मौसम वेधशाला के प्रेक्षक जयशंकर
मिश्र का कहना है कि मौसम जब और गरम होगा तो आंधी और बारिश की संभावना
बनेगी। फिलहाल अभी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही।