हरदोई। गंधक और पोटाश मिलाकर सिलबट्टे पर पीसे जाने के दौरान विस्फोट हो गया। घटना में जीजा साले समेत तीन लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर जीजा साले को लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना शहर के मोहल्ला रामनगरिया में मंगलवार रात हुई।
रामनगरिया निवासी हर्ष उर्फ प्रियांशु गुप्ता (18) अपने पिता मलिखे की दुकान में सहयोग करता है। मलिखे की नल मरम्मत और बोरिंग की दुकान है। हर्ष के बड़े भाई रेशू का साला कांशीराम कॉलोनी निवासी रामजी गुप्ता (17) मंगलवार शाम प्रियांशु के घर आया था। यहां प्रियांशु का दोस्त रामनगरिया निवासी छोटू (20) पहले से मौजूद था। छोटू की मां सरोजनी ने बताया कि प्रियांशु घर में ही सिलबट्टे पर गंधक और पोटाश मिलाकर पीस रहा था। छोटू और रामजी वहीं खड़े थे।
इसी दौरान विस्फोट हो गया। घटना में तीनों घायल हो गए। तीनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां छोटू को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई प्रियांशु और रामजी की हालत गंभीर होने पर दोनों को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है। फिलहाल दो लोगों की हालत गंभीर है। मामले की जांच की जा रही है।