शाहाबाद। नगर के मोहल्ला नई बस्ती बजरिया निवासी सब्जी व्यापारी ने शुक्रवार रात घर के कमरे में खुद को तमंचे से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने व्यापारी के बीमारी से परेशान होने की बात कही है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुुंची पुलिस ने जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बा के मोहल्ला नई बस्ती बजरिया निवासी सब्जी व्यापारी नवल किशोर (55) ने शुक्रवार रात घर के बाहरी कमरे मेें खुद तमंचे से सिर में गोली मार ली। गोली सिर के आर पार हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंच तो कमरे में उसका शव पड़ा मिला। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके।
परिजनों ने बताया कि नवल किशोर विवाहित था, उसके दो बेटे व चार बेटियां हैं। वह मंडी में सब्जी की आढ़त चलाता था। बताया कि वह पिछले कुछ समय से बीमार थे, लेकिन वह आत्महत्या कर लेंगे, इसकी किसी को आशंका नहीं थी। बेटे शेरू ने बताया कि घटना के वक्त पिता कमरे में अकेले थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में थे। सूचना मिलने के बाद कोतवाल शिवशंकर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि मामला व्यापारी द्वारा खुदकुशी किए जाने का है। जामा मस्जिद चौकी प्रभारी रमेश सिंह सेंगर की तरफ से मृतक के खिलाफ अवैध तमंचा रखने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।