फोटो-14-मंगोलापुर गोशाला में ग्रामीणों से जानकारी लेते विधायक प्रभाष कुमार। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। अहिरोरी विकास खंड के ग्राम मंगोलापुर में कंबल वितरण कार्यक्रम में जा रहे विधायक प्रभाष कुमार अचानक गांव की गोशाला मेेें पहुंच गए। गोशाला में विधायक को न तो कोई कर्मचारी मिला और न ही मवेशी। विधायक ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।
सांडी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रभाष कुमार शनिवार की दोपहर अहिरोरी विकास खंड के ग्राम मंगोलापुर में आयोजित कंबल वितरण समारोह में जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रास्ते में पड़ी गांव की गोशाला का औचक निरीक्षण किया।
विधायक के गोशाला पहुंचने की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। विधायक के मुताबिक गोशाला में न तो कोई मवेशी मिला और न ही कर्मचारी। बताया कि ग्राम्य विकास विभाग और पशुपालन विभाग की सूची के मुताबिक गोशाला में तीस मवेशी हैं, लेकिन हकीकत में मौके पर कोई भी मवेशी नहीं मिला। विधायक ने बताया कि वे मामले की जांच कराएंगे। इस संबंध में डीएम को पत्र भी भेजा जाएगा।
और यहां घूम रहे टैग लगे मवेशी
एक ओर गोशाला पहुंचे विधायक को वहां एक भी मवेशी नहीं मिला, दूसरी तरफ शहर में टैग लगा मवेशी नुमाइश चौराहा के निकट मैदान में घूमता रहा। शासन और डीएम के सख्त निर्देश हैं कि टैग लगे मवेशी सड़क पर छुट्टा नहंीं मिलने चाहिए, लेकिन इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा।