शाहाबाद (हरदोई)। शाहजहांपुर में कोचिंग पढ़ने गए किशोर का अपहरण हो गया। छात्र के ही मोबाइल से अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी है। फिरौती मांगे जाने की जानकारी मिलते ही परिजन बदहवास हो गए। पूरे मामले का पता चलने पर स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हो गई और शाहजहांपुर पुलिस को भी सूचना दी गई है।
शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला दिलावरपुर निवासी मोहम्मद अनीस सऊदी अरब में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनका इकलौता पुत्र आरिस (17) शाहाबाद में अपने चाचा सगीर के पास रहता है। आरिस इन दिनों नीट की तैयारी कर रहा है। इसके लिए वह शाहजहांपुर के हयातपुरा में स्थित एक कोचिंग में पढ़ता है।
रविवार सुबह आरिस कोचिंग के लिए निकला था। कोचिंग सेंटर में शिक्षक के न आने के कारण यहां अवकाश कर दिया गया। दोपहर तक आरिस के वापस घर न पहुंचने पर सगीर ने उसका फोन मिलाया तो फोन स्विच ऑफ मिला। कुछ देर बाद आरिस के मोबाइल से सगीर के पास कॉल आई।
कॉल करने वाले ने कहा कि आरिस का अपहरण कर लिया है। इस समय वह बेहोश है। उसी के मोबाइल पर नेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर पांच लाख रुपये मांगे। सगीर ने रविवार को बैंक बंद होने और इतने रुपये न होने की बात कही तो फोन करने वाले ने कहा कि जितने रुपये हों उतने ही भेज दो।
इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को हुई तो गोपनीय जांच शुरू कर दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। शाहजहांपुर पुलिस से भी संपर्क किया गया है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।