हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह से गुरुवार रात संदिग्ध हालात में लापता हुई बच्ची का शव गांव से कुछ दूर धार्मिक स्थल के निकट झाड़ियों में पड़ा मिला। उसके शरीर पर कई जगह खरोंच के निशान होने और नाक व मुंह से खून निकलने पर परिजनों और पुलिस ने दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। स्लाइड भी बनवाई गई है। मृतका के पिता की तहरीर पर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और हत्या की रिपोर्ट अज्ञात के विरुद्ध दर्ज की गई है।
सुरसा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की पुत्री (7) गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। गुरुवार को गांव में एक शादी थी। रात आठ बजे किसान की पुत्री अन्य बच्चों के साथ शादी में गई थी। देर रात तक वह नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रात भर बच्ची का कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को गांव के बाहर धार्मिक स्थल के निकट झाड़ियों में बच्ची का शव पड़ा दिखा। सुरसा के प्रभारी निरीक्षक राजकरन शर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। पुलिस के मुताबिक बच्ची के दोनों गाल पर नाखून से नोचे जाने के निशान मिले हैं। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने मौके पर पहुंच पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया।
छोटे भाई को चाउमीन देने घर गई थी
हरदोई। सूत्रों करे मुताबिक बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि रात आठ बजे अन्य बच्चों के साथ पुत्री घर से गई थी। शादी में बरात आने के बाद नाश्ता और खाना शुरू हो गया। रात 10 बजे वंदना छोटे भाई आलोक को चाउमीन देने घर गई थी। क्या पता था कि अब वह लौटकर नहीं आएगी। मृतका चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। उधर छात्रा का शव मिलने के बाद गांव में आई बरात भी सादगी के साथ विदा हो गई।