हरदोई। माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तेरवा निवासी छात्रा की संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
ग्राम तेरवा निवासी अनुपम पाल (18) पुत्री राम नरेश पाल एक महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। रविवार सुबह परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया।
इसके बीस मिनट बाद ही अनुपम की मौत हो गई। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. मनोज देशमणि के मुताबिक प्राथमिक तौर पर युवती के जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी परिजनों ने भी दी थी। इस हिसाब से उपचार भी शुरू किया गया था।
मौत होने पर सूचना पुलिस को दी गई है। उधर, मृतका के परिजनों का कहना है कि अचानक पेट दर्द होने के बाद उसकी मौत हो गई। शहर कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।