फोटो-39- रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर खड़े यात्री। संवाद
हरदोई। दिवाली के दूसरे दिन बस और ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों में कमी नहीं आई। भाई दूज के लिए बहनें और भाई अपने घर पहुंचने के लिए सुबह से ही बस और रेलवे स्टेशन पर नजर आने लगे। गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों में सीट पाने की जद्दोजहद नजर आई, देरी से आईं ट्रेनों ने यात्रियों को परेशान किया।
त्योहार के मद्देनजर परिवहन निगम ने पहले से ही तैयारियां किए जाने का दावा किया था। दिल्ली रूट पर 30 अतिरिक्त बसें चलाए जाने के साथ ही अन्य रूटों पर भी फेरे बढ़ाए गए थे। इस सबके बावजूद बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को जद्दोजहद करनी पड़ी। उधर, दूसरी ओर ट्रेनों की लेट लतीफी ने भी यात्रियों को परेशान किया। त्योहार विशेष ट्रेनों के साथ ही नियमित ट्रेनें भी काफी विलंब से चलीं।
डाउन रूट पर ट्रेन 12204 गरीब रथ पौने छह घंटे की देरी से, ट्रेन 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस आधा घंटा की देरी से आई। त्योहार विशेष ट्रेन 04016 सीतामढ़ी स्पेशल एक घंटा, ट्रेन 04456 धनबाद स्पेशल साढ़े तीन घंटा की देरी से आई। अप रूट पर विशेष ट्रेन 03311 चंडीगढ़ स्पेशल सवा दो घंटे और ट्रेन 04455 नई दिल्ली स्पेशल डेढ़ घंटे की देरी से हरदोई स्टेशन पर पहुंची। सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि त्योहार पर भीड़ होने के कारण ट्रेन लेट हो जाती हैं, फिर भी काफी सुधार हुआ है।