मनरेगा, इंदिरा आवास व लोहिया आवासों को लेकर हुई
धांधली की जांच कराने सहित नौ सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम पंचायत असलापुर
नागामऊ शाहाबाद के ग्रामीणों का गुरुवार को कलक्ट्रेट परिसर में शुरू हुआ
धरना प्रदर्शन तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा।
धरना स्थल पर श्याम
कुमार सिंह, रामलड़ैते आदि ने कहा कि नौ सितंबर को समस्याओं को लेकर ज्ञापन
डीएम और मुख्य विकास अधिकारी को दिया जा चुका है, पर अब तक कोई न्याय नहीं
मिल सका है। लोगों की समस्याओं के प्रति जिला प्रशासन बिल्कुल संवेदनहीन
होता जा रहा है।
जिलाधिकारी से लेकर सीडीओ व उच्च अधिकारियों को शिकायती
पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई तक नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि
लोहिया आवासों में एक ही परिवार के चार-चार व्यक्तियों को आवास दे दिए गए
हैं और कई धनवान अपात्र लाभार्थियों को भी आवास दे दिए गए, उनकी जांच कर
अपात्रों के आवास निरस्त कर पात्रों को लोहिया आवास दिलाए जाए।
वित्तीय
वर्ष 10 से 14-15 तक बने और स्वीकृत इंदिरा आवासों में हुई भारी अनियमितता
की जांच कर दोषी व्यक्तियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों
ने कहा कि हरदोई सवायजपुर मार्ग से दाहिने लोनार से असलापुर तक मार्ग
निर्माण अतिशीघ्र कराया जाए।
इसके अलावा असलापुर नांगामऊ में आधार कार्ड
कैंप लगाया जाए और गांव में ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित किया
जाए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मनरेगा में वित्तीय वर्ष 10-14 तक हुए
कार्यों में ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी द्वारा लगभग 43 लाख रुपये की धनराशि
का गोलमाल किया गया है। जिसकी जांच होना अत्यंत आवश्यक है।
ग्रामीणों ने
बताया कि उनका धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता।
इस मौके पर रामप्रताप, रामकुमार, रामफेरे, सालिकराम, बालकराम, पंकज, श्याम
सिंह, धनीराम और लक्ष्मी देवी आदि ग्रामीण मौजूद थे।