अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित अतुल
माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2015 में चयनित जिले के तीन छात्रों को
सांसद नरेश अग्रवाल ने छात्रवृत्ति की चेक वितरित की। इस दौरान उन्होंने
अमर उजाला की इस पहल को सराहा और कहा कि इससे पढ़ने लिखने वाले छात्रों का
हौसला बढ़ता है।
ज्ञात हो कि बीते साल 2 नवंबर को शहर के श्रीराम जूनियर
व वेणीमाधव विद्यापीठ इंटर कालेज में अतुल माहेश्वरी स्कालरशिप परीक्षा का
आयोजन हुआ था, जिसमें करीब एक हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे। देश के
अलग-अलग केंद्रों पर तीन चरणों में हुई प्रतियोगिता में 225 प्रतिभागियों
का चयन मेरिट पर किया गया।
जिसमें आरआर इंटर कालेज के कक्षा 10 के छात्र
प्रियांशु गौतम, एसडीएलवीएसएचएस ईश्वरपुर सांई मल्लावां के कक्षा 12 के
सूरज सिंह और रफी अहमद किदवई इंटर कालेज के छात्र विश्वदीपक पांडेय का चयन
हुआ। चयनित तीनों विद्यार्थियों में प्रियांशु को 6500 रुपये, विश्वदीपक और
सूरज सिंह को 7500-7500 रुपये का अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा भेजा गया चेक
गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव सांसद नरेश अग्रवाल ने सौंपा।
सांसद
ने अमर उजाला की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों
मेें आगे बढ़ने का हौसला बढ़ता है। इस मौके पर कई लोग मौजूद थे। उधर,
प्रियांशु गौतम ने कहा कि आर्थिक संकटों से जूझते हुए परिवार में पढ़ लिखकर
अफसर बनने के सपने को लेकर आगे चलने का प्रयास कर रहा हूं।
तमाम सरकारी
योजनाएं हैं, पर लाभ नहीं मिला, ऐसे में अमर उजाला की छात्रवृत्ति ने
आर्थिक सहायता के साथ हौसला बढ़ाने का काम किया है। विश्व दीपक पांडेय ने
कहा कि छात्रवृत्ति मिलने से ऐसा लग रहा कि मंजिल भी मिलेगी। हौसला बढ़ गया
है। यही मेहनत और हौसला हमें एक दिन कामयाब करेगा।
यह विश्वास लेकर बढ़ते
ही जाना है। सूरज सिंह ने कहा कि छात्रवृत्ति मिलने से आत्म विश्वास बढ़ने
के साथ मंजिल तक पहुंचने को लेकर हौसला बढ़ा है। अमर उजाला की इस पहल से
अन्य छात्रों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने की प्रेरणा मिलेगी।