पिहानी (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने जान की बाजी लगाकर छोटी बहन की आबरू बचा ली। हालांकि अधेड़ से मोर्चा लेने में उसके हाथों में हंसिया के वार से घाव भी हो गया। भाई ने देर शाम थाने में तहरीर दी। पुलिस दोनों पक्षों का आपसी विवाद बता जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत सैदापुर के मजरा राभा निवासी किशोरी रविवार दोपहर शौच के लिए खेत पर जा रही थी। रास्ते में गांव के इंद्रपाल पुत्र रामसिंह किशोरी को पकड़ लिया और खेत में खींच कर ले जाने लगा।
किशोरी ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर उसकी बड़ी बहन दौड़ी और इंद्रपाल पर झपट पड़ी। उसने इंद्रपाल के चंगुल से बहन को छुड़ा लिया। खिसियाए इंद्रपाल ने हंसिया लहरा कर दोनों बहनों को जान से मारने की धमकी दी।
छोटी बहन की आबरू बचाने के लिए बड़ी बहन फिर इंद्रपाल पर टूट पड़ी। इस पर इंद्रपाल ने उस पर हंसिया से वार कर दिया। इसके बाद जिससे उसके दोनों हाथ जख्मी हो गए। शाम को घर लौटे भाई ने थाने जाकर सूचना दी।
कोतवाल पवन कुमार त्रिवेदी ने बताया कि दोनों पक्षों मेें विवाद चल रहा है। इसी में मारपीट हुई थी। इंद्रपाल की उम्र (55) साल से अधिक है। किशोरी को गलत नीयत से पकड़ने का आरोप गलत है। अभी तहरीर नहीं मिली है। फिर भी मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।