हरदोई। संडीला के बाशिंदों के लिए दिवाली से पहले राहत भरी सौगात शासन से आई है। गड्ढों में समाए आसू तिराहे से इमलियाबाग तिराहे तक जाने वाले मार्ग के सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव शासन ने मंजूर कर लिया है। आठ करोड़, 81 लाख, 14 हजार रुपये के प्रस्ताव से 3,775 मीटर लंबी सड़क को सात मीटर चौड़ाई में नए सिरे से बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
आम बोलचाल की भाषा में संडीला की सेंट थेरेसा बाईपास सड़क को विभागीय अभिलेखों में मेहंदीघाट-संडीला मार्ग से संडीला औद्योगिक क्षेत्र बाईपास नाम दिया गया है। कुछ लोग इसे आसू तिराहे से इमलियाबाग तिराहे को जोड़ने वाली सड़क भी कहते हैं। 3,775 मीटर लंबी इस सड़क में बेहिसाब गड्ढे हैं। ज्यादातर भारी वाहन इसी सड़क से निकलते हैं। इसके अलावा संडीला कस्बे में लगने वाले जाम से बचने के लिए भी लोग इस सड़क का इस्तेमाल आवागमन में करते हैं।
राहत भरी खबर यह है कि उक्त मार्ग को नए सिरे से बनाए जाने का प्रस्ताव शासन ने स्वीकार कर लिया है। 3,775 मीटर लंबी सड़क को सात मीटर चौड़ाई में नए सिरे से बनाया जाएगा। इस काम पर आठ करोड़, 81 लाख, 14 हजार रुपये रुपये खर्च होंगे। शासन ने प्रस्ताव की मंजूरी के साथ ही 50 फीसदी बजट भी जारी कर दिया है। इस सड़क के निर्माण से आवागमन में कई लाख लोगों को राहत मिलेगी।
उक्त मार्ग के सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करते समय आवागमन करने वालों का सर्वे भी किया गया था। विभागीय भाषा में इसे पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) कहा जाता है। इसके मुताबिक प्रतिदिन 12,546 लोगों का आवागमन इस मार्ग पर होता है। इसी तरह विभाग ने कॉमर्शियल व्हीकल पर-डे (सीवीपीडी) का भी सर्वे कराया था। इसमें पता चला कि हर रोज इस मार्ग से 962 वाणिज्यिक वाहन भी गुजरते हैं।
मार्ग के सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव शासन ने स्वीकार कर लिया है। 50 फीसदी बजट भी मिल गया है। निविदा प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। जल्द ही कार्य भी शुरू हो जाएगा। -एसके मिश्रा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग