हरदोई। ऑनलाइन व्यापार के विरोध में समाजवादी व्यापार सभा के बैनर तले सोमवार को पैदल मार्च निकाला गया। व्यापारियों को ऑनलाइन व्यापार के नुकसान के प्रति जागरुक किया गया। स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा गया कि त्योहार पर अपने अपने क्षेत्र के बाजारों से ही खरीदारी करें। अभियान को ग्राहक जागरूकता अभियान नाम दिया गया है। समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष सुधीर गुप्ता मिन्ना ने बताया कि खुदरा, फुटकर और छोटे दुकानदारों के समर्थन में ग्राहक जागरूकता अभियान चलाया गया। कहा कि ऑनलाइन व्यापार के कारण छोटे दुकानदार बर्बाद हो गए हैं। ऑनलाइन व्यापार के बहिष्कार की अपील भी की गई। सपा के जिला उपाध्यक्ष रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि छोटे व्यापारी नोटबंदी, लॉकडाउन की त्रासदी झेल चुके हैं। ऑनलाइन व्यापार ने छोटे दुकानदारों की कमर तोड़ दी है। यही हाल रहा तो कुछ ही वर्ष में स्थानीय दुकान और खुदरा व्यापार खत्म हो जाएगा। पदयात्रा के दौरान उमेश शर्मा, अनिल यादव, मोहित यादव, मुकेशगुप्ता, गया प्रसाद गुप्ता, अर्जुन वर्मा, अनिल कनौजिया आदि मौजूद रहे।