कछौना। कस्बे के सनशाइन कान्वेंट स्कूल में शुक्रवार को दो दिवसीय खोखो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि व्यापार मंडल के अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले दिन तीन मैच हुए। पहले मैच में कक्षा तीन के बच्चों ने कक्षा दो के बच्चों को हराया।
विद्यालय के प्रबंधक सुनील सोनी ने बताया कि विद्यालय में प्रतिवर्ष खोखो प्रतियोगिता व क्रिकेट प्रतियोगिता समेत अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। प्रतियोगिताओं का प्रमुख उद्देश्य बच्चों की चहुंमुखी प्रतिभा का विकास करना है। दूसरे मैच में कक्षा पांच के बच्चों ने कक्षा छह के बच्चों की टीम को हराया। वहीं तीसरा मैच कक्षा सात व कक्षा आठ के बच्चों के बीच हुआ, जिसमें कक्षा सात के बच्चों ने जीत दर्ज की।
सुनील सोनी ने बताया की शनिवार को सेमीफाइनल व फाइनल मैच आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद शोएब ने किया। इस मौके पर विद्यालय के अध्यापक अनु शुक्ला, सक्षम, सचिन, अतुल, ज्ञानेंद्र सिंह व अनुज गुप्ता आदि मौजूद रहे।