हरदोई। जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए तीन चरणों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। पहले चरण में 22 अक्तूबर से 30 नवंबर तक विधायक खेल स्पर्धा होगी। दूसरे चरण में एक से 31 दिसंबर तक सांसद खेल स्पर्धा, वहीं तीसरे चरण में दो से 15 जनवरी तक जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के महानिदेशक ने पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, फुटबॉल, भारोत्तोलन, जूडो और बैडमिंटन को शामिल किया गया है। इनमें सब जूनियर, जूनियर और सीनियर आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं और महिला-पुरुष खिलाड़ियों को प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। विधायक खेल स्पर्धा में एथलेटिक्स की प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसके अलावा कम से कम चार अन्य खेल विधाओं में भी मुकाबले आयोजित होंगे। खेल विधाओं का चयन विधानसभा क्षेत्र में खिलाड़ियों की संख्या के हिसाब से किया जाएगा।
-
स्पर्धा से पहले एक बैठक होना प्रस्तावित है। जोन स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को विभाग की ओर से राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराया जाएगा। -नितिन यादव, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी