हरपालपुर। कस्बे में बड़ी संख्या में बिना हेलमेट बाइक सवारों को देख पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन नाराज हो गए। हरपालपुर कोतवाल से पूछ लिया कि यहां सब बिना हेलमेट के बाइक कैसे चला रहे। एसपी के तेवर देख सकते में आए कोतवाल ने वाहनों की जांच का अभियान शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में चार वाहन सीज कर दिए और सात का चालान कर दिया। पिछले कुछ समय से पुलिस अधीक्षक ने यातायात नियमों का पालन न करने वालों के प्रति सख्त रुख अपना रखा है। बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। एसपी रविवार को कीर्तियापुर गांव में एक कार्यक्रम में जा रहे थे। इसी दौरान हरपालपुर नगर में बड़ी संख्या में बिना हेलमेट के बाइक चालकों को देखकर उन्होंने कोतवाल से नाराजगी जताई। कोतवाल छोटेलाल ने बताया कि वाहनों की जांच का अभियान चल रहा है। (संवाद)