हरदोई। जिले में कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस अधीक्षक ने पहल की है। अब अचानक वाहनों की जांच के निर्देश पर थाना और कोतवाली प्रभारी औपचारिकता और मनमानी नहीं कर सकेंगे। थाना और कोतवाली प्रभारियों को प्रभावी अभियान चलाने के लिए मार्गों के बारे में विस्तृत सूचना एकत्र करनी होगी। एसपी अमित कुमार ने इस पूरी कवायद को ऑल आउट स्कीम नाम दिया है।
आमतौर पर देखा जाता है कि वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अलग-अलग वाहनों से फरार होते हैं। घटना की सूचना पर वाहनों की जांच का अभियान शुरू किया जाता है, लेकिन इसका बहुत प्रभाव नहीं नजर आता। अपराधियों पर लगाम कसने के लिए शुरू की जा रही ऑल आउट स्कीम में पड़ोसी जनपदों से आने जाने वाले प्रमुख मार्गों, तिराहा, चौराहों और लिंक मार्गों पर वाहनों की जांच का अभियान चलाने की तैयारी की गई है। आठ कोतवाली क्षेत्रों में नौ-नौ स्थानों को ऑल आउट स्कीम के तहत चेकिंग अभियान के लिए चिह्नित किया जाएगा। शेष 16 थानांतर्गत छह-छह स्थानों पर जांच अभियान चलाया जाएगा। चिह्नित स्थानों की सूची थाना और कोतवाली की प्रभारी सीओ से चर्चा के बाद अपर पुलिस अधीक्षकों को उपलब्ध कराएंगे।