फोटो- 29- गोष्ठी को संबोधित करते डॉ. कौशलेंद्र विक्रम सिंह। संवाद
- फोटो : HARDOI
पिहानी। कस्बे के राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-एक की ओर से आयोजित एक दिवसीय शिविर में सोशल मीडिया जागरुकता टीम का गठन कर इसके सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर निबंध प्रतियोगिता व विचार गोष्ठी का आयोजन कर सोशल मीडिया के फायदे और नुकसान पर चर्चा की गई।
प्राचार्य प्रो. विवेक तिवारी के निर्देशन में कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया के समुचित उपयोग के प्रति स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया के प्रयोग में पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। अराजकतत्वों ने इसे अफवाहें फैलाने का माध्यम बना रखा है, जो चिंतनीय है। यदि आप किसी ग्रुप के ग्रुप एडमिन हैं तो ऐसे लोगों को तुरंत ब्लॉक करें जो आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करते हों। किसी भी अफवाह को फॉरवर्ड या उस पर टिप्पणी नहीं करें। अपने निजी जीवन की तस्वीरें स्मार्टफोन पर साझा करने से पूर्व यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि कोई दूसरा व्यक्ति उनका दुरुपयोग न कर सके। इसके उपरांत सोशल मीडिया वरदान या अभिशाप विषयक पर निबंध लेखन प्रतियोगिता हुई। एनएसएस सरोजनी, अनुपमा, वंदना, पूजा, और नितिन कुमार आदि ने साथी विद्यार्थियों को जागरूक किया। अंत में स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर महाविद्यालय परिसर की साफ सफाई की।
शिविर में प्रो. मंगल किरण, डॉ सुरेश कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ भैया लाल, वरिष्ठ सहायक मनोज कुमार मिश्र आदि उपस्थित रहे।