पिहानी। कुंवरपुर बंदरहा गांव में करंट से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के कारणों को लेकर पावर कॉरपोरेशन के जिम्मेदार और परिजन एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
कुंवरपुर बंदरहा गांव निवासी शिवचरण की पुत्री खुशबू, पुत्र गौरव व मंजेश और रामसागर का पुत्र शिवराज बुधवार की रात घर के बाहर खेल रहे थे। अचानक मंजेश को करंट लगा, इससे अन्य बच्चे वहां से भाग गए। मंजेश को बचाने में बहन खुशबू भी करंट की चपेट में आ गई। खुशबू व मंजेश बुरी तरह झुलस गए। परिजन इलाज के लिए ले जा रहे थे कि रास्ते में छह वर्षीय मंजेश ने दम तोड़ दिया।
पिता शिवचरण ने बताया कि विद्युत पोल के सपोर्ट तार में करंट आ रहा था, इसकी चपेट में आकर मंजेश की मौत हो गई। अवर अभियंता अजय शर्मा व प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घर के करीब खेत में तार लगाया गया था, इसमें करंट आ रहा था। इसी के चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई।